झुंझुनू. सोमवार सुबह झुंझुनू में कोरोना के 5 नए पॉजिटिव केस सामने आए। सभी तब्लीगी जमात से हैं। जिसके बाद यहां कुल संक्रमितों की संख्या 23 पहुंच गई। जिसके बाद झुंझुनू राजस्थान में तीसरे नंबर का शहर हो गया है। जहां सबसे ज्यादा संक्रमित मिले हैं। इससे पहले रविवार को तब्लीगी मरकज में शामिल होकर लौटा रतनशहर का एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला था।
मंडावा में 3 और गुंढ़ागौड़जी में 2 मामले आए
सोमवार को पॉजिटिव मिले 5 लोगों में से 3 मंडावा और 2 गुंढ़ागौड़जी के रहने वाले हैं। इनमें से चार की उम्र 18 से 29 साल के बीच है। वहीं एक व्यक्ति 60 साल का है। सभी तब्लीगी जमात से हैं।
बीते 48 घंटो में मरकज से लौटे 13 कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद अब चिंताएं गहरा गई हैं। पांच दिन पहले तक कुल 8 मरीज ही पॉजिटिव थे। सभी विदेशों से लौटे थे। लेकिन दो अप्रेल से अचानक स्थिति बदली और अब यहां कोरोना के 23 पॉजिटिव सामने आ चुके हैं। अब हमारा झुंझुनूं जयपुर व भीलवाड़ के बाद प्रदेश में तीसरे स्थान पर आ गया है। यानी अब झुंझुनूं भी कोरोना का हॉट स्पॉट बन चुका है।
झुंझुनू में ऐसा बढ़ता गया आंकड़ा
18 मार्च: जिले में सबसे पहला पॉजीटिव इटली से लौटे दंपति और उनकी बेटी थी। इनके सैंपल जांच के लिए भेजे वे पॉजीटिव निकले। संपर्क में आए 29 लोगो के सैंपल लिए। सभी नेगेटिव निकले।
22 मार्च: झुंझुनूं शहर में दुबई से 20 मार्च को लौटे एक युवक कोरोना पॉजीटिव मिला। 35 जनों के सैंपल भेजे। जांच में सारे नेगेटिव मिले।
25 मार्च: रियाद से लौटा युवक कोरोना पॉजीटिव मिला। 17 लोगो के सैंपल लिए। जांच में सभी नेगेटिव निकले।
26 मार्च: बाकरा मोड का एक युवक कोरोना पॉजीटिव मिला। ये भी दुबई से लौटा था। 32 लोगो के सैंपल लिए सभी नेगेटिव मिले।
29 मार्च: फिलीपिंस में पढ़ रहा सिंघाना के डूमोली की सिहोडिया की ढ़ाणी का मेडिकल स्टूडेंट जांच में कोरोना पाॅजीटिव निकला। 6 लोगो के सैंपल लिए।
31 मार्च : इस्माइलपुर का दुबई से लौटा एक व्यक्ति कोरोना पॉजीटिव मिला। 10 जनों को आइसोलेट कर सैंपल लिए। ये नेगेटिव मिले।
फिर तब्लीगियों ने बढ़ाया आंकड़
02 अप्रैल: मरकज में शामिल हुआ कोलाली का एक तब्लीगी जमाती कोरोना पॉजीटिव निकला। संपर्क में आए 45 लोगो के सैंपल लेकर भेजे गए।
04 अप्रैल: इस दिन कुल 8 मामले सामने आए थे। इनमें खेतडी के चार, मंडावा के दो और झुंझुनूं का एक जमाती समेत सात कोरोना पॉजीटिव मिले। इनके संपर्क में आए करीब 152 लोगो के सैंपल लेकर उनको जांच के लिए भेजा गया है। वहीं एक दुबई से लौटा व्यक्ति भी पॉजिटिव मिला था।
05 अप्रैल: तब्लीगी मरकज से लौटा रतनशहर का युवक पॉजिटिव मिला। इसके परिवार के ही 45 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवाएं गए हैं।
06 अप्रैल: एक साथ 5 लोग पॉजिटिव मिले। जो तब्लीगी जमात से संबंधित हैं।
झुंझुनूं कलेक्टर उमर दीन खान ने कहा है कि देश में चल रहे लॉकडाउन के दौरान घरों से बिना काम बाहर न निकलें। आवश्यक जरूरत की वस्तुएं लेने जाएं तो दुकान पर भीड़ न करें, दूर-दूर खड़े होकर बारी का इंतजार करें। सीधे घर से दुकान पर और दुकान से घर पर जाएं, रास्ते में कहीं भी खड़े न हो अन्यथा आपके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इसलिए घर में ही रहे।